देश की आशा हिंदी भाषा

फ़ॉलोअर

गुरुवार, 28 मार्च 2013

बच्चे की सीख


बचपन से ही मुझे अध्यापिका बनने तथा बच्चों को मारने का बड़ा शौक था. अभी मैं पाँच साल की ही थी कि छोटे-छोटे बच्चों का स्कूल लगा कर बैठ जाती. उन्हें लिखाती पढ़ाती और जब उन्हें कुछ न आता तो खूब मारती. मैं बड़ी हो कर अध्यापिका बन गई. स्कूल जाने लगी. मैं बहुत प्रसन्न थी कि अब मेरी पढ़ाने और बच्चों को मारने की इच्छा पूरी हो जाएगी. जल्दी ही स्कूल में मैं मारने वाली अध्यापिका के नाम से प्रसिद्ध हो गई. एक दिन श्रेणी में एक नया बच्चा आया. मैंने बच्चों को सुलेख लिखने के लिए दिया था. बच्चे लिख रहे थे.
 
 अचानक ही मेरा ध्यान एक बच्चे पर गया जो उल्टे हाथ से बड़ा ही गंदा हस्तलेख लिख रहा था. मैंने आव देखा न ताव, झट उसके एक चाँटा रसीद कर दिया. और कहा, "उल्टे हाथ से लिखना तुम्हें किसने सिखाया है और उस पर इतनी गंदी लिखाई!" इससे पहले कि बच्चा कुछ जवाब दे, मेरा ध्यान उसके सीधे हाथ की ओर गया, जिसे देख कर मैं वहीं खड़ी की खड़ी रह गयी क्यों कि उस बच्चे का दायाँ हाथ था ही नहीं.
 
 किसी दुर्घटना में कट गया था. यह देख कर मेरी आँखों में बरबस ही आँसू आ गए. मैं उस बच्चे के सामने अपना मुँह न उठा सकी. अपनी इस गलती पर मैंने सारी कक्षा के सामने उस बच्चे से माफ़ी माँगी और यह प्रतिज्ञा की कि कभी भी बच्चों को नहीं मारूँगी. इस घटना ने मुझे ऐसा सबक सिखाया कि मेरा सारा जीवन ही बदल गया.

मंगलवार, 26 मार्च 2013

रंगवाली होली

होली दुनिया भर में मनाए जाने वाला एक धार्मिक त्योहार है जो सभी हिंदुओं द्वारा मनाया जाता है। हिंदूओं दीवाली के बाद होली ही दूसरा सबसे बड़ा त्योहार है। होली रंगों के त्योहार के रूप में भी जाना जाता है।
भगवान कृष्ण के जीवन से संबंधित स्थानों पर खास कर के ब्रज में होली सबसे महत्वपूर्ण पर्व है। बरसाना की 
पारंपरिक होली उत्सव विश्व प्रसिद्ध है।
होली वसंत ऋतु में मनाया जाने वाला एक महत्वपूर्ण भारतीय त्योहार है। यह पर्व हिंदू पंचांग के अनुसार फाल्गुन मास की पूर्णिमा को मनाया जाता है। रंगों का त्योहार कहा जाने वाला यह पर्व पारंपरिक रूप से दो दिन मनाया जाता है। पहले दिन को होलिका जलायी जाती है, जिसे होलिका दहन भी कहते है। दूसरे दिन, जिसे धुरड्डी, धुलेंडी, धुरखेल या धूलिवंदन कहा जाता है, लोग एक दूसरे पर रंग, अबीर-गुलाल इत्यादि फेंकते हैं, ढोल बजा कर होली के गीत गाये जाते हैं, और घर-घर जा कर लोगों को रंग लगाया जाता है। ऐसा माना जाता है कि होली के दिन लोग पुरानी कटुता को भूल कर गले मिलते हैं और फिर से दोस्त बन जाते हैं। एक दूसरे को रंगने और गाने-बजाने का दौर दोपहर तक चलता है। इसके बाद स्नान कर के विश्राम करने के बाद नए कपड़े पहन कर शाम को लोग एक दूसरे के घर मिलने जाते हैं, गले मिलते हैं और मिठाइयाँ खिलाते हैं।
राग-रंग का यह लोकप्रिय पर्व वसंत का संदेशवाहक भी है। फाल्गुन माह में मनाए जाने के कारण इसे फाल्गुनी भी कहते हैं। होली का त्योहार वसंत पंचमी से ही आरंभ हो जाता है। उसी दिन पहली बार गुलाल उड़ाया जाता है। इस दिन से फाग और धमार का गाना प्रारंभ हो जाता है। खेतों में सरसों खिल उठती है। बाग-बगीचों में फूलों की आकर्षक छटा छा जाती है। पेड़-पौधे, पशु-पक्षी और मनुष्य सब उल्लास से परिपूर्ण हो जाते हैं। बच्चे-बूढ़े सभी व्यक्ति सब कुछ संकोच और रूढि़यां भूलकर ढोलक-झांझ-मंजीरों की धुन के साथ नृत्य-संगीत व रंगों में डूब जाते हैं। चारों तरफ़ रंगों की फुहार फूट पड़ती है। होली के दिन आम्र मंजरी तथा चंदन को मिलाकर खाने का बड़ा माहात्म्य है।
मुख्य रूप से रंगों का यह त्यौहार रंग के बहाने आपस में प्रेम-और भाईचारा के रंग से सरोबार होने का है।

रविवार, 24 मार्च 2013

मोबाइल में हिंदी लिखना हुआ आसान


गूगल ने एंड्रॉयड फोन में हिंदी इनपुट से लिखने की सुविधा मुहैया करा दी है। इससे पहले भी लोग मोबाइल में हिंदी लिख पा रहे थे, पर गूगल हिंदी इनपुट से रोमन में लिखने के अभ्यस्त लोग अब आसानी से देवनागरी में लिख पाएंगे। इसके लिए उन्हें हिंदी की-बोर्ड पर टाइप करने के बंधन से भी छुटकारा मिल जाता है।


इंस्टॉल करने का तरीका
 
एंड्रॉयड के प्लेस्टोर में Multiling keyboard, Go keyboard, Swift keyboard जैसे कई टूल ऐप्लिकेशन पहले से हैं पर इस टूल को स्थापित करना और इसका इस्तेमाल बेहद आसान है। इसे हम इस तरह समझ सकते हैं :

- सबसे पहले प्लेस्टोर में जाकर Google Hindi Input सर्च करके फोन में इंस्टॉल करते हैं।

- यह अपने आप आपके फोन में स्थापित हो जाएगा। फोन में अलग से यह दिखता नहीं है। इसके लिए आपको
फोन की सेटिंग में जाना होगा।




- सेटिंग में जाकर locale and text पर जैसे ही क्लिक करेंगे, पहले से मौजूद की-बोर्ड के साथ google hindi input का विकल्प दिखेगा। आप इसमें इसे सिलेक्ट/इनेबल कर लें। इसके बाद इसी के ठीक नीचे दी गई google hindi input settings पर क्लिक करें। इसके बाद सबसे ऊपर input settings क्लिक करें। इसमें आए सभी विकल्प इनेबल कर दीजिए।

- इसके बाद locale and text में ही आपको select input method मिलेगा, जहां आप google hindi input चुन लें। बस, अब आप तैयार हैं, ईमेल, फेसबुक, ब्लॉग आदि पर मोबाइल से हिंदी लिखने के लिए। यह बिल्कुल फ्री और ऑफलाइन काम करता है।


टिप्स

- जैसे ही आप नया मेसेज देने के लिए क्लिक करेंगे, आपको यह की-बोर्ड दिखेगा। स्पेसबार में ENGLISH लिखा होने पर आपको ठीक इसके बायीं ओर (a=अ) को हल्का सा टच करना होगा। हिंदी लिखा हुआ आ जाएगा। की-बोर्ड वही आपका क्वर्टी रहेगा, जिसमें अभी आपको लिखने की आदत है। नमस्ते लिखने के लिए Namaste टाइप करने के बाद स्पेस बार लिखते ही शब्द आप जहां लिखना चाहते हैं, लिख जाएगा। आपके वांछित शब्द के साथ दूसरे विकल्प भी आते हैं, जिन्हें आप सुविधानुसार चुन सकते हैं। इसके लिए अगर वह पहले क्रम में नहीं हैं, तो उसे टच करके लिख सकते हैं। क्ष को ksh व 'ऋ' को ri टाइप करके पा सकते हैं।

- अगर आप हिंदी की-बोर्ड से ही लिखना चाहते हैं तो स्पेसबार के बायें से दूसरे बटन को हल्का टच करके उससे लिख सकते हैं। लॉन्ग-प्रेस करने पर यह दूसरे की-बोर्ड का विकल्प देता है।


- अंक लिखने के लिए क्वर्टी की-बोर्ड में ही लॉन्ग-प्रेस करके रोमन और अरेबिक अंकों का विकल्प मिल जाता है। नीचे सबसे बायें बटन (?12) को दबाकर भी अंक और स्माइली का विकल्प मिलता है। इसके लिए ड्रैग करने की जरूरत भी नहीं पड़ती। स्माइली पर क्लिक करते ही ढेर सारे विकल्प आ जाते हैं।

इसकी खासियत है कि आप एक ही की-बोर्ड का इस्तेमाल करते हुए हिंदी, अंग्रेजी लिख सकते हैं, वह भी वर्ड-प्रिडिक्शन के साथ। अलग से डिक्शनरी डाउनलोड करने की जरूरत नहीं है।

इस की-बोर्ड पर काम करते समय अगर आप अड्रेस बार पर यूआरएल टाइप करते हैं तो यह अपने आप अंग्रेजी वाले मोड में आ जाता है। अगर आप फोन के कॉन्टैक्ट में जाकर नंबर सर्च करते हैं तो भी हिंदी के साथ रोमन का विकल्प आता है, जिससे आसानी होती है।


इसमें हिंदी से अंग्रेजी और अंग्रेजी से हिंदी में शिफ्ट होना भी बहुत आसान है। बस बगल वाले बायें बटन को हल्का सा टच देकर ऐसा किया जा सकता है। स्पेसबार को ही अगर लॉन्ग-प्रेस कर देंगे तो आप अपने दूसरे की-बोर्ड पर भी शिफ्ट हो सकते हैं। इस तरह हिंदी में लिखने का यह तरीका मौजूदा विकल्पों में सबसे बढि़या है।